रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुरू हुई। बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने के साथ आगामी कार्यक्रमों एवं अभियान की रूपरेखा पर मंथन किया जा रहा है।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश कर रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, अजय जामवाल, लता उसेंडी, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं।
‘मोदी के 12 साल बेमिसाल’ अभियान पर चर्चा
प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय ने बताया कि बैठक का पहला सत्र पूरा हो चुका है, जिसमें ‘मोदी के 12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।
23 जुलाई से रविदास जयंती कार्यक्रमों की शुरुआत
बैठक में तय किया गया कि 23 जुलाई से संत रविदास जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा भाजपा एक बड़ी कार्यशाला का भी आयोजन करेगी। वाराणसी स्थित रविदास स्मारक की मिट्टी लाकर छत्तीसगढ़ के मंदिरों तक पहुंचाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
स्वतंत्रता दिवस पर चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क कार्यक्रमों को तेज करने पर भी विचार-विमर्श किया।




