July 21, 2026

Raipur News: आरंग में केंद्रीय विद्यालय के नए भवन का उद्घाटन, 320 विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक शैक्षणिक वातावरण

आरंग। रायपुर जिले के ग्रुप केंद्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) आरंग स्थित केंद्रीय विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण गरिमामय समारोह में किया गया। इस अवसर पर शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ विद्यालय के नए परिसर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि CRPF मध्य अंचल के विशेष महानिदेशक दीपक कुमार (IPS) रहे, जबकि छत्तीसगढ़ सेक्टर CRPF के महानिरीक्षक शालिन (IPS) विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह की अध्यक्षता ग्रुप केंद्र CRPF रायपुर के उपमहानिरीक्षक (DIG) अजय कुमार सिंह ने की। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन देशभर में गुणवत्तापूर्ण, मूल्यपरक और समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय आरंग में बालवाटिका-1 से कक्षा 5 तक करीब 320 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय को CRPF ग्रुप सेंटर की ओर से अस्थायी भवन, पेयजल, शौचालय और खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि स्थायी भवन के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति और भारतीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही बालवाटिका-1 से कक्षा 5 तक के मेधावी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया और उन्हें प्रोत्साहन सामग्री वितरित की गई।

विद्यालय के प्राचार्य संजय कंसल ने केंद्रीय विद्यालय संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए CRPF के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को अनुशासन, कड़ी मेहनत और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि “विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सपनों को साकार करने का मंदिर है।”

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर नवीन विद्यालय भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्टेशनरी किट वितरित की गई तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना की गई।