July 21, 2026

Gariaband News: छात्र आंदोलन के समर्थन में मैनपुर में विशाल रैली, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

गरियाबंद। दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में गरियाबंद जिले के मैनपुर में छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों ने विशाल रैली निकालकर प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग रैली में शामिल हुए और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सोनम वांगचुक के समर्थन में नारे लगाए और लोकतांत्रिक आंदोलनों के पक्ष में अपनी बात रखी। साथ ही नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

रैली के बाद प्रदर्शनकारियों ने मैनपुर एसडीएम को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा गया कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।

बारिश में भी जारी रहा प्रदर्शन

मूसलाधार बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार को निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।